सहरसा में निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई: सौरबाजार नगर पंचायत का नाजीर 72 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त जारी करने के एवज में मांग रहा था रिश्वत, भागलपुर स्थित विशेष कोर्ट में होगी पेशी

सहरसा, 27 अक्टूबर 2026 : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की मुख्यालय टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की टीम ने सहरसा जिले के सौरबाजार नगर पंचायत कार्यालय में पदस्थापित नाजीर मुकुल कुमार को 72,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ धर दबोचा। ब्यूरो द्वारा इस वर्ष भ्रष्टाचार के विरुद्ध दर्ज किया गया यह 114वाँ ट्रैप केस है, जिसमें आरोपी को घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।

सौरबाजार निवासी हरे कृष्ण कुमार (पिता स्वर्गीय बालदेव साह) ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो मुख्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप था कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नौ लाभुकों को दूसरी किस्त की राशि भुगतान किए जाने के बाद आरोपी द्वारा प्रति लाभुक रिश्वत की मांग की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्यूरो ने गुप्त रूप से शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने के पुख्ता प्रमाण मिले। आरोप सही पाए जाने के बाद 26 अक्टूबर को निगरानी थाना कांड संख्या 126/2026 दर्ज किया गया।

कांड के अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक अमित कुमार मिश्र के अनुरोध पर निगरानी पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष धावादल गठित किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से सौरबाजार नगर पंचायत कार्यालय में जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी नाजीर ने रिश्वत के 72,000 रुपये हाथ में लिए, निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही रंगेहाथ पकड़ लिया। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को भागलपुर स्थित निगरानी की विशेष अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Verified by MonsterInsights