पटना में माखन भोग वर्कशॉप का लाइसेंस निलंबित: भारी अस्वच्छता पर खाद्य संरक्षा विभाग का कड़ा एक्शन

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

180 किलो गोंद जब्त, पेड़ा, डोडा बर्फी, खोवा सहित ₹1 लाख से अधिक की दूषित मिठाइयां व सामग्री नष्ट

पटना, 27 अक्टूबर 2026 : राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत महात्मा गांधी नगर (बीएच कॉलोनी) स्थित प्रसिद्ध मिष्ठान प्रतिष्ठान ‘माखन भोग’ के वर्कशॉप पर खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान निर्माण कार्यशाला में भीषण अस्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी पाई गई, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए वर्कशॉप का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निरीक्षण दल ने मौके से 180 किलोग्राम संदिग्ध गोंद को जब्त कर लिया। इसके साथ ही तैयार मिठाइयों और कच्चे माल की गुणवत्ता परखने के लिए खोवा, लड्डू एवं गोंद के विधिक नमूने संग्रहित कर जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

वर्कशॉप के भीतर अमानक और दूषित स्थिति में पाई गई विभिन्न मिठाइयों और खाद्य सामग्रियों को जनस्वास्थ्य के मद्देनजर मौके पर ही जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई की गई। नष्ट की गई सामग्रियों में 15 किलोग्राम पेड़ा (मूल्य ₹12,000), 3.3 किलोग्राम डोडा बर्फी (मूल्य ₹24,000), 8 किलोग्राम मिल्क केक (मूल्य ₹5,000), 3 किलोग्राम खुला दूध (मूल्य ₹2,000), 5 किलोग्राम प्रीमियम हलवा (मूल्य ₹9,000), 5 किलोग्राम खोवा (मूल्य ₹36,000), 20 किलोग्राम बेसन (मूल्य ₹2,000), 5 किलोग्राम बेसन लड्डू (मूल्य ₹6,000), 30 लीटर कुकिंग ऑयल (मूल्य ₹5,000) तथा 50 किलोग्राम चीनी (मूल्य ₹3,500) शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के इस मौसम में मिलावटखोरी और अस्वच्छता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।

Verified by MonsterInsights