पटना में क्रीम डेयरी आइसक्रीम निर्माता सलोनी एंटरप्राइजेज पर कार्रवाई: बिक्री पर लगी रोक

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

बिना बैच नंबर व निर्माण तिथि के खुले में रखी मिली आइसक्रीम, गंदगी और नियमों के उल्लंघन पर एक्शन

पटना, 27 अक्टूबर 2026 : राजधानी पटना के खेमनीचक स्थित क्रीम डेयरी आइसक्रीम निर्माता इकाई मेसर्स सलोनी एंटरप्राइजेज में खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने सघन औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में तैयार आइसक्रीम उत्पादों पर अनिवार्य बैच नंबर और निर्माण तिथि अंकित नहीं पाई गई। नियमों की इस खुली अनदेखी पर कड़ा संज्ञान लेते हुए खाद्य संरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही आइसक्रीम की सभी बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी।

निरीक्षण दल को कारखाने के भीतर स्वच्छता और भंडारण की स्थिति भी बेहद असंतोषजनक मिली। आइसक्रीम खुले रूप में असुरक्षित तरीके से रखी गई थी तथा परिसर में पेस्ट कंट्रोल (कीट नियंत्रण) की कोई समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी। इसके अतिरिक्त निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पानी की आवश्यक गुणवत्ता जांच रिपोर्ट भी संचालक प्रस्तुत नहीं कर सके।

फैक्ट्री में उपयोग किए जा रहे उपकरणों एवं मशीनों की नियमित साफ-सफाई नदारद पाई गई। वहीं कार्यस्थल पर कार्यरत कर्मचारी भी बिना हेडगार्ड और निर्धारित स्वच्छता पोशाक के काम करते मिले। किसी भी कर्मचारी का अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र मौके पर उपलब्ध नहीं था। खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए प्रतिष्ठान प्रबंधन को तय मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं तथा सुधार न होने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की चेतावनी दी है।

Verified by MonsterInsights