-लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
गंभीर अपराधों के त्वरित निष्पादन पर जोर, दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर अलर्ट मोड पर पुलिस बल
पटना/बाढ़, 08 अक्टूबर 2026 : अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बाढ़-1 रामकृष्ण ने अपने कार्यालय कक्ष में क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों और अनुसंधानकर्ता पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में हाल ही में दर्ज हुए मामलों और पूर्व से लंबित कांडों की जांच प्रक्रिया की बिंदुवार समीक्षा की गई।
एसडीपीओ रामकृष्ण ने अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने पर बल देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जांच में तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। हत्या, लूट, डकैती जैसे गंभीर और जघन्य अपराधों के मामलों में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर समय सीमा के भीतर आरोप पत्र दाखिल करने और मामलों का त्वरित निष्पादन करने को कहा गया।
बैठक में आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। एसडीपीओ ने सभी थानाध्यक्षों को असामाजिक तत्वों और सक्रिय अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने का आदेश दिया। संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज करने, शरारती तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने और त्योहार के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
