–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
कर्पूरी सभागार में ‘नीतीश संवाद’: 2006 से शुरू हुआ सफर बना 2 करोड़ महिलाओं की ताकत
पटना, 02 अक्टूबर: राजधानी स्थित जद (यू) प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में गांधी जयंती के पावन अवसर पर ‘नीतीश संवाद’ के तहत ‘जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत अपने पिता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार तथा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा के साथ शामिल हुए। मंच से स्वास्थ्य मंत्री ने जीविका दीदियों के ऐतिहासिक योगदान की खुलकर सराहना की और कहा कि आज बिहार की महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की मजबूत पहचान जीविका बन चुकी है।
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को याद करते हुए कहा कि बापू ने एक ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां विकास की रोशनी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और महिलाओं को समाज में पूरा सम्मान व समान अवसर मिले। जीविका इसी सोच को जमीन पर उतारने का सबसे सशक्त माध्यम साबित हुई है। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2006 में इस अभियान की शुरुआत हुई थी, जिसने पिछले दो दशकों में ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक जीवन में क्रांतिकारी बदलाव ला दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि आज राज्य भर में लगभग 2 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (SHG) के नेटवर्क से जुड़ चुकी हैं। ये दीदियां स्वरोजगार, उद्यमिता, खेती, पशुपालन और कई अन्य आजीविका गतिविधियों के जरिए न सिर्फ अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं, बल्कि बिहार की पूरी अर्थव्यवस्था को नई गति और मजबूती दे रही हैं। निशांत ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि जिस मजबूत व्यवस्था और दूरगामी सोच की नींव रखी गई थी, आने वाले समय में जीविका को और अधिक व्यापक, तकनीकी रूप से सक्षम और मजबूत बनाया जाएगा ताकि प्रदेश की हर महिला आत्मनिर्भर बनकर राज्य की प्रगति में अपनी सक्रिय हिस्सेदारी निभा सके। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारीगण तथा राज्य भर से बड़ी तादाद में आईं जीविका दीदियां मौजूद रहीं।
