मुंबई के वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं के चेहरे पर खिली मुस्कान

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर लायंस क्लब के साथ मिलकर बांटे कंबल, कपड़े और जरूरी सामग्री

मुंबई, 02 अक्टूबर 2026: सामाजिक सेवा और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए मुंबई में शिवानी शर्मा फाउंडेशन ने लायंस क्लब ऑफ बॉम्बे हिलटॉप के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर एक विशेष ‘महिला सहायता पहल’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वृद्धाश्रम में रह रही बुजुर्ग महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, अपनापन और खुशियों का अहसास कराना था।

“छोटा कदम, बड़ा असर” के ध्येय वाक्य के साथ संचालित यह फाउंडेशन लंबे समय से महिला सशक्तिकरण, बच्चों की शिक्षा और वंचित तबकों के उत्थान के लिए सक्रिय रूप से कार्यरत है। इसी कड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को ठंड से बचाव के लिए कंबल, चादरें, कपड़े, मोज़े और पौष्टिक खाद्य सामग्री भेंट की गई। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य केवल राहत सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि बुजुर्गों के एकाकीपन को दूर कर समाज के जुड़ाव का भरोसा दिलाना भी था।

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने बुजुर्ग महिलाओं के साथ काफी समय बिताया, उनके जीवन के संस्मरण सुने और उनके मनोरंजन के लिए हाउसी खेल का आयोजन किया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। समारोह में वरिष्ठ पत्रकार अनिल गलगली, एनसीपी नेता अरविंद तिवारी, अभिनेत्री व उद्यमी शिवानी शर्मा, लायंस क्लब की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रुचिता मेहरा, ‘साथी द यूथ फाउंडेशन’ के संस्थापक अमित तिवारी, अभिनेता मनीष मिश्रा, निर्माता शिव शुक्ला, स्टाइलिस्ट हितेन्द्र जे. कपोपारा और समाजसेवी वेंकटेश राजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वयं बुजुर्गों से संवाद कर उन्हें उपहार सौंपे। फाउंडेशन ने भविष्य में भी विभिन्न सामाजिक संगठनों और सीएसआर सहयोगियों के साथ मिलकर ऐसे मानवीय प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Verified by MonsterInsights