चुनावी धांधली के खिलाफ बाढ़ में विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन: इंडिया गठबंधन ने फूंका पीएम, गृहमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला

Live ख़बर

लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

कचहरी चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी, राजद, कांग्रेस और भाकपा नेताओं ने दर्ज कराया साझा विरोध

पटना/बाढ़, 08 अक्टूबर 2026 : चुनावों में कथित धांधली और प्रशासनिक दुरुपयोग के आरोपों को लेकर विपक्षी दलों का राष्ट्रव्यापी विरोध अब जमीनी स्तर पर तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित कचहरी चौक पर ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका संयुक्त पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर सवाल खड़े हो रहे हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का घोर अभाव देखने को मिल रहा है। वक्ताओं ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आत्मा हैं, लेकिन मौजूदा दौर में चुनावी तंत्र पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। नेताओं ने साफ किया कि लोकतंत्र की रक्षा और चुनावी निष्पक्षता की बहाली के लिए सड़क से लेकर संसद तक यह संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

इस विरोध प्रदर्शन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता धर्मवीर यादव, सकलदेव यादव, मिथलेश यादव, रामनरेश राही और मुन्ना प्रकाश शामिल रहे। वहीं कांग्रेस पार्टी की ओर से पटना जिला ग्रामीण-2 अध्यक्ष गुरजीत सिंह, पूर्व प्रत्याशी विजय कुमार सिंह और बिहार प्रदेश कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ के सचिव हेमंत कुमार ने मोर्चा संभाला। इसके अलावा जिला पार्षद विजय शंकर, श्यामदेव सिंह चौहान, प्रदीप कुमार पासवान, भाकपा राज्य परिषद सदस्य भोला शर्मा और अंचल सचिव विनय कुमार सहित तीनों दलों के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights