सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान; सभी 13 प्रमुख घटकों की विभागवार समीक्षा, समयबद्ध तैयारी पूरी करने के निर्देश

पटना, 11 सितंबर 2026: बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में शुक्रवार को 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार समेत राज्य के विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिव भौतिक रूप से उपस्थित रहे। वहीं, सभी जिलों के जिला पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अभियान के सभी 13 प्रमुख घटकों की विभागवार स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी अभियान की शुरुआत

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की संध्या “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम से होगी। इसके तहत राज्य के प्रत्येक घर तथा प्रत्येक जिले के कम-से-कम 10 प्रमुख एवं प्रतीकात्मक सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कराया जाएगा। इसके लिए जीविका, नगर निकायों और जन वितरण प्रणाली के माध्यम से लाभार्थियों तक दीया पहुंचाया जाएगा।

वहीं, 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में “सेवा चित्र” के अंतर्गत “विकसित भारत संकल्प” विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही अभिभावक-शिक्षक बैठक का भी आयोजन किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटकों के जरिए जन-जागरूकता

जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “सेवा स्मरण” के तहत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों और योजनाओं पर आधारित 18 से 20 नाट्य टोलियां गठित की जाएंगी। ये टोलियां स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी तथा 2 अक्टूबर को विशेष मंचन किया जाएगा।

इसी क्रम में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक “आंगन का मिलन” कार्यक्रम के तहत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होगा। इसमें आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, लाभार्थी माताओं से संवाद और बच्चों की मनोरंजक गतिविधियों के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी योजनाओं की सफलता की कहानियां

सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाने के लिए “कहानी बदलाव की” घटक के तहत वास्तविक रील्स एवं लघु वीडियो का संकलन किया जाएगा। इसके आधार पर जिला एवं राज्य स्तरीय डिजिटल डेटा-बैंक तैयार किया जाएगा।

इसके अलावा “सेवा ज्योति यात्रा” के माध्यम से राज्य एवं जिलों में पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इनमें “मेरा युवा भारत” के स्वयंसेवक भाग लेंगे। यात्रा के समापन पर “विकसित भारत-2047” का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

‘वडनगर से वाराणसी’ यात्रा का होगा स्वागत

राष्ट्रव्यापी “वडनगर से वाराणसी (जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा)” के बिहार से गुजरने के दौरान पड़ाव स्थलों पर भव्य स्वागत, सुरक्षा, ठहरने तथा स्थानीय लाभार्थियों से संवाद की व्यवस्था की जाएगी।

जन-भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए “सेवा मेरा योगदान” के तहत तालाबों एवं छठ घाटों की सफाई, वृक्षारोपण और स्वच्छता से संबंधित 25 गतिविधियां चलाई जाएंगी। इनमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के कम-से-कम दो स्थलों पर प्रत्यक्ष दृश्य परिवर्तन सुनिश्चित किया जाएगा।

‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों में योजनाओं का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन

नागरिकों को त्वरित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से “सेवा सेतु अभियान” के तहत प्रखंड एवं विधानसभा स्तर पर “सरकार आपके द्वार” शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र की 26 प्रमुख योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया जाएगा।

वहीं, “सेवा के रंग” कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निकायों के प्रमुख स्थलों पर मानव रंगोली बनाई जाएगी। चयनित शहरों में 108 मीटर व्यास का “भारत मंडला” तैयार कर उसका ड्रोन कवरेज कराया जाएगा।

युवाओं और स्टार्टअप्स से मांगे जाएंगे तकनीकी समाधान

स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान तलाशने के लिए “नवाचार चुनौती” के तहत उद्योग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और स्टार्टअप्स से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

“जनसेवक महाकुंभ” के अंतर्गत पंचायत एवं नगर निकायों के सक्रिय एवं योग्य प्रतिनिधियों की सूची तैयार कर उनकी राज्यस्तरीय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के अंतिम घटक “25 साल, 25 कहानियां (राष्ट्रीय अनबॉक्सिंग)” के तहत राज्य एवं जिला स्तर की प्रमुख उपलब्धियों की तथ्यात्मक सामग्री एवं क्यूरेटेड किट्स का राष्ट्रीय स्तर पर समयबद्ध समन्वय एवं वितरण किया जाएगा।

मार्च 2027 तक चलेगा ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’

बैठक में यह भी बताया गया कि मुख्य अभियान के साथ-साथ राज्य में 17 सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान” भी चलाया जाएगा।

इसके अंतर्गत मुख्य रूप से शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, पंचायती राज विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा संबंधित कार्यों का निष्पादन किया जाएगा।

इसके तहत संबंधित विभागों को सभी प्रकार के मरम्मत कार्य 30 नवंबर तक पूरा करने, सभी सरकारी भवनों का रंग-रोगन दीपावली तक संपन्न कराने तथा स्वीकृत नए निर्माण कार्यों को मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा करने की सख्त समय-सीमा तय की गई है।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को अभियान से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

Verified by MonsterInsights