विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मुख्य सचिव संग की बैठक, कैशलेस इलाज व प्रखंडों में कार्यालय पर चर्चा

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

सीएजी रिपोर्ट की लंबित कंडिकाओं के शीघ्र निष्पादन और संसदीय समितियों में वरीय अधिकारियों की उपस्थिति के निर्देश

पटना, 26 अगस्त: बिहार विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में विधायकों और सचिवालय कर्मियों के कल्याण तथा प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दों पर निर्णय लिए गए:

  • कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था: विधानसभा सदस्यों एवं सचिवालय के पदाधिकारियों व कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति में आ रही अड़चनों को देखते हुए चिकित्सा व्यवस्था को यथाशीघ्र कैशलेस बनाने का निर्देश दिया गया।
  • प्रखंडों में विधायकों के लिए कार्यालय: विधानसभा सदस्यों के बैठने के लिए प्रत्येक प्रखंड में उपयुक्त भूखंड चिह्नित कर भवन निर्माण कराने अथवा पंचायत सरकार भवनों में जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।
  • लंबित कंडिकाओं का निष्पादन: नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) के प्रतिवेदनों, लोक लेखा समिति, लोक उपक्रम समिति की लंबित कंडिकाओं और विभिन्न विभागों के लंबित आश्वासनों को संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर इसी वित्तीय वर्ष में निष्पादित करने के निर्देश दिए गए।
  • संसदीय समितियों में सहभागिता: विधानसभा की संसदीय समितियों की बैठकों में संबंधित विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की अनिवार्य व प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।