कस्तूरबा गांधी विद्यालय में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन, डीएम ने छात्राओं से किया सीधा संवाद

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

सात निश्चय-3 के तहत समस्याओं के 30 दिनों में समाधान का भरोसा, विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर दर्ज होंगी शिकायतें

खगड़िया, 26 अगस्त: सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार विद्यार्थियों की समस्याओं के समयबद्ध निवारण के लिए खगड़िया के मानसी घरारी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार गोण्ड, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आकांक्षा, मानसी के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव कुमार सहित कई अधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी शैक्षणिक और विद्यालय संबंधी समस्याएं सुनीं तथा शिक्षा व्यवस्था सुधारने को लेकर सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य हैं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है।

‘सात निश्चय-3’ के “सबका सम्मान, जीवन आसान” लक्ष्य के तहत प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को आयोजित होने वाले इस शिविर में विद्यार्थियों को ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की जानकारी दी गई। इस पोर्टल पर विद्यार्थी कक्षाओं के संचालन, शिक्षकों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, स्वच्छता, प्रयोगशाला, बिजली और पेयजल जैसी समस्याओं को दर्ज करा सकते हैं। इन सभी शिकायतों का मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत अधिकतम 30 दिनों के भीतर निस्तारण किया जाएगा।

जिले के जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास, कोशी कॉलेज स्थित अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रावास, के.डी.एस. कॉलेज गोगरी, के.एम.डी. कॉलेज परबत्ता, जी.एन.एम. एवं पैरामेडिकल छात्रावास और डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय छात्रावास अलौली सहित अन्य संस्थानों में भी हेल्प डेस्क, कंप्यूटर व इंटरनेट सुविधाओं के साथ इस शिविर का आयोजन किया गया।