हिंदी विश्वविद्यालय के आठ विद्यार्थियों का BSUSC में चयन, बने सहायक प्राध्यापक

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

हिंदी के सात और राजनीति विज्ञान के एक शोधार्थी ने पाई सफलता, कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने दी बधाई

पटना, 22 सितंबर: महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के आठ विद्यार्थियों ने बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC), पटना द्वारा आयोजित परीक्षा में संविदा आधारित सहायक प्राध्यापक पद पर चयनित होकर संस्थान का नाम रोशन किया है। सफल अभ्यर्थियों में साहित्य विद्यापीठ के हिंदी साहित्य विभाग के सात और राजनीति विज्ञान विभाग का एक शोधार्थी शामिल है। इस शानदार उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिसर और विद्यार्थियों में हर्ष का माहौल है।

चयनित विद्यार्थियों में रवीन्द्र कुमार रवि को जेपी विश्वविद्यालय के राजकीय डिग्री महाविद्यालय, दरियापुर (सारण) में पदस्थापित किया गया है। डॉ. गुंजा आनंद का चयन पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कराय-परसुराय (नालंदा) तथा डॉ. प्रज्ञा शाकल्य का चयन पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के राजकीय डिग्री महाविद्यालय, अथमलगोला में हुआ है।

इसके अतिरिक्त, डॉ. पंचदेव प्रसाद को एलएनएमयू के राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा), डॉ. नवनीत कुमार को मुंगेर विश्वविद्यालय के राजकीय डिग्री महाविद्यालय, खैरा और डॉ. अविनाश भारती को जेपी विश्वविद्यालय के राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मशरख (छपरा) में सहायक प्राध्यापक नियुक्त किया गया है। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के अंतर्गत डॉ. अमित कुमार का चयन राजकीय डिग्री कॉलेज मेजरगंज (सीतामढ़ी) और राजनीति विज्ञान के डॉ. दत्तात्रय निवृत्ती रावण का चयन राजकीय डिग्री महाविद्यालय गायघाट (मुजफ्फरपुर) के लिए हुआ है।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा और संबंधित विभागों के प्राध्यापकों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के समृद्ध शैक्षणिक परिवेश, शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन और समृद्ध पुस्तकालय को दिया है।

Verified by MonsterInsights