एलएनजेपी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सुचारू: स्वास्थ्य विभाग

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

बीएमएसआईसीएल एमडी के दौरे के बाद दूर हुईं नए भवन की समस्याएं, ओपीडी व थेरेपी जारी

पटना, 22 सितंबर 2026। राजधानी पटना स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल को लेकर हाल ही में प्रकाशित खबरों पर स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्टीकरण जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल में सभी प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं और मरीजों को ओपीडी, फिजियोथेरेपी तथा ऑक्यूपेशनल थेरेपी सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अस्पताल के नए भवन से जुड़ी व्यवस्थाओं में आई समस्याओं की सूचना मिलते ही बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) ने स्वयं अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल निदेशक और कार्यदायी एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी किए, जिसके बाद उत्पन्न गतिरोध का समाधान कर लिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नए भवन से संबंधित शेष व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अस्पताल प्रशासन और एजेंसियों के आपसी समन्वय से सभी कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं। विभाग ने दोहराया कि मरीजों की सुविधा और बेहतर उपचार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, मानव संसाधनों तथा आधुनिक चिकित्सीय उपकरणों की उपलब्धता निरंतर सुनिश्चित की जा रही है।

Verified by MonsterInsights