Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सीएमडी, निदेशकगण और कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प
रांची, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा जवाहरनगर क्लब, कांके रोड, रांची में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल के शीर्ष अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग सत्र में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की।
विशेष योग सत्र का संचालन प्रसिद्ध योगगुरु इंद्रजीत चटर्जी ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और सरल योगाभ्यासों का अभ्यास कराया। साथ ही योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और भावनात्मक स्थिरता बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीसीएल के गांधीनगर अस्पताल सहित सभी क्षेत्रों में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में क्षेत्रीय महाप्रबंधकों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों, हितधारकों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने नियमित योगाभ्यास को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच स्वास्थ्य, मानसिक शांति, कार्य-जीवन संतुलन और समग्र कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
सीसीएल प्रबंधन ने कहा कि संस्था अपने कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। भारतीय ज्ञान परंपरा में निहित योग को बढ़ावा देना और उसके माध्यम से स्वस्थ एवं ऊर्जावान कार्य संस्कृति विकसित करना कंपनी की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
योग दिवस के इस आयोजन ने कर्मचारियों को न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया, बल्कि सकारात्मक सोच, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का भी संदेश दिया।
