Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
खेलगांव में अर्पिता महिला मंडल ने आयोजित किया विशेष योग सत्र, पौधारोपण और प्रतियोगिताओं में बच्चों व सदस्यों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
राँची, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर “स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग” थीम के तहत अर्पिता महिला मंडल द्वारा खेलगांव में उत्साहपूर्वक योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा बच्चों एवं महिलाओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का संचालन अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्ष प्रीति सिंह के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में उपाध्यक्ष रीता मिश्रा, रूपा रानी, रीता तिवारी एवं नीरू हंजुरा सहित महिला मंडल की अन्य सदस्याओं का सक्रिय सहयोग रहा।

खेलगांव के सहयोग से आयोजित विशेष योग सत्र में अर्पिता महिला मंडल की सदस्याओं एवं खेलगांव के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग अभ्यास और प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
योग दिवस के अवसर पर खेलगांव परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए और हरित वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों के बीच स्वस्थ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। आयोजन के दौरान सामूहिक रूप से “ॐ” का उच्चारण कर सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्रीति सिंह ने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सुखी जीवन का आधार है। उन्होंने सभी लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को नियमित रूप से शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक योग, ध्यान, “ॐ” के उच्चारण और पौधारोपण के साथ हुआ। आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खेलगांव के बच्चों को प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
