-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
‘गोल्डन पीरियड’ में 1930 पर रिपोर्टिंग और पीड़ितों के पैसे वापस कराने पर विशेष जोर
बोकारो, 22 सितंबर 2026। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) बोकारो के निर्देशानुसार मंगलवार को साइबर थाने का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान लंबित मामलों के त्वरित अनुसंधान, जन शिकायतों के समाधान और सक्रिय साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अधिकारियों ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि वित्तीय धोखाधड़ी की घटनाओं में ‘गोल्डन पीरियड’ के भीतर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल सूचना दर्ज कराई जाए। इसके साथ ही बैंक खातों को फ्रीज कराने, मामलों की समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करने तथा पीड़ितों को उनके डूबे पैसे जल्द से जल्द वापस दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया। साइबर अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से समन्वय, नैटग्रिड (NATGRID), एमआरएम-जीआरएम पोर्टल और तकनीकी शाखा का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
इधर, साइबर मामलों में त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा साइबर थाने में दो पुलिस निरीक्षकों—मो. आजाद खान एवं पिंकू कुमार यादव की पदस्थापना की गई है। इस नई तैनाती का मुख्य उद्देश्य अनुसंधान को गति देना, साइबर अपराधियों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करना तथा पीड़ितों को तत्काल राहत दिलाना है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 पर सूचना देने की अपील की है।
