– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
सैप/ईआरपी आधारित मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली की दक्षता बढ़ाने के लिए 70 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
रांची, 05 अगस्त। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग की ओर से एमटीसी, एचआरडी में सैप/ईआरपी के ह्यूमन कैपिटल मैनेजमेंट (एचसीएम) मॉड्यूल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल मुख्यालय तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 70 नोडल अधिकारियों एवं संबंधित सहायक कर्मचारियों ने भाग लेकर मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली की कार्यप्रणाली और नवीन प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन एस. के. ठाकुर, महाप्रबंधक (ईई), एम. एफ. हक, महाप्रबंधक (एचआरडी) तथा पल्लब चक्रवर्ती, विभागाध्यक्ष (औद्योगिक संबंध) की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम के तकनीकी सत्र का संचालन कोल इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) अशोक पाल ने किया।
प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए एम. एफ. हक ने कहा कि संगठनात्मक दक्षता बढ़ाने, कर्मचारियों की क्षमता विकसित करने तथा कार्य प्रणाली में निरंतर सुधार लाने के उद्देश्य से एचआरडी विभाग ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कर्मचारियों का समय-समय पर प्रशिक्षण आवश्यक है।
एस. के. ठाकुर ने अपने संबोधन में कार्यों में पारदर्शिता, कार्यकुशलता तथा समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधारित प्रक्रियाओं के सफल संचालन के लिए कर्मचारियों का तकनीकी रूप से दक्ष होना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सैप/ईआरपी के एचसीएम मॉड्यूल की कार्यप्रणाली से लाइव डेमो, व्यावहारिक उदाहरणों तथा संवादात्मक चर्चा के माध्यम से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की तथा अपने प्रश्नों का समाधान भी किया।

