– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो, 4 अगस्त : झारखंड के निर्माता, दिशोम गुरु एवं मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर जय झारखंड मजदूर समाज के सेक्टर-9 स्थित कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके संघर्ष, बलिदान और झारखंड आंदोलन में दिए गए योगदान को स्मरण किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के महामंत्री वी.के. चौधरी ने कहा कि दिशोम गुरु केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार और जनआंदोलन के प्रतीक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन झारखंड के शोषितों, पीड़ितों, आदिवासियों और मूलवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनके नेतृत्व में चला संघर्ष ही अलग झारखंड राज्य के निर्माण की आधारशिला बना।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम सभी दिशोम गुरु के बताए एकता, संघर्ष, सेवा और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प लें तथा उनके सपनों के अनुरूप समृद्ध, विकसित और खुशहाल झारखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एन.के. सिंह, अनिल कुमार, आर.बी. चौधरी, यू.सी. कुंभकार, आई. अहमद, रोशन कुमार, माणिक चाँद साव, आर.आर. सोरेन, विजय साव, आर.के. मिश्रा, विनोद कुमार, सुभाष चंद्र महतो, अभिमन्यु माँझी, संजय कुमार, सुनील चौधरी, नासिर अहमद, बरिया तेली, मोहम्मद इमरान अंसारी, चितु मोदक, मंजीत कुमार, शंभू प्रसाद, नूर मोहम्मद, सुभाष चंद्र बाउरी, राजेश कुमार सिंह, एस.एस. झा, नीरज कुमार, सतेंद्र कुमार, सुरेंद्र शर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

