-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
सीएमडी भूपेंद्र गुप्ता ने किया उद्घाटन, 660 मेगावाट की दूसरी इकाई से बिहार को मिलेगी निर्बाध बिजली
बक्सर, 22 सितंबर: एसजेवीएन द्वारा चौसा में स्थापित 1320 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना (बीटीपीपी) ने एक बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई-II का वाणिज्यिक प्रचालन (कमर्शियल ऑपरेशन) सफलतापूर्वक प्रारंभ हो गया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में परियोजना परिसर में आयोजित भव्य समारोह का उद्घाटन एसजेवीएन के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता एवं परियोजना निदेशक राजेश कुमार चंदेल ने फीता काटकर तथा उद्घाटन बटन दबाकर किया।
सीएमडी भूपेंद्र गुप्ता ने परियोजना के केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) का उद्घाटन किया और प्रचालन तैयारियों का जायजा लेने के लिए ऐश डाइक सहित संयंत्र के विभिन्न प्रमुख घटकों का स्थलीय निरीक्षण किया। एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलक कुमार मुखोपाध्याय व वरिष्ठ अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। टीम एसटीपीएल को संबोधित करते हुए सीएमडी ने कहा कि यह परियोजना बिहार की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने संयंत्र के सुरक्षित, कुशल एवं सतत संचालन पर बल दिया।
दौरे के क्रम में सीएमडी भूपेंद्र गुप्ता और निदेशक राजेश कुमार चंदेल ने बिहार सरकार के ऊर्जा सचिव अजय यादव तथा बक्सर की जिला दंडाधिकारी साहिला से भी मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में भूमि अधिग्रहण, सीएसआर, पंप स्टोरेज परियोजनाएं (पीएसपी), पीपीए तथा बिहार में नवीकरणीय ऊर्जा निवेश के अवसरों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में पौधारोपण भी किया गया।
