-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
स्मार्ट सिटी के तहत चारदीवारी पर बनेगी मधुबनी पेंटिंग; अतिक्रमण, जलजमाव और छात्र सुरक्षा पर सख्त रुख
पटना, 25 सितंबर: पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, कंकड़बाग में विद्यालय प्रबंधन समिति (VMC) की महत्वपूर्ण बैठक प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत संरचना, सह-शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सुरक्षा और परिसर के समग्र विकास पर बिंदुवार चर्चा हुई।
बैठक के प्रारंभ में प्राचार्य एम. पी. सिंह ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यहां के विद्यार्थी खेल-कूद, योग और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। कक्षाओं और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण की मांग पर आयुक्त ने निर्देश दिया कि आवश्यक संसाधनों के विकास हेतु सीपीडब्ल्यूडी (CPWD) के माध्यम से केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) को विस्तृत प्रस्ताव भेजा जाए।
मधुबनी पेंटिंग और नागरिक सुविधाओं का समाधान
विद्यालय की चारदीवारी के अंदर और बाहर मधुबनी पेंटिंग कराने की योजना की आयुक्त ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने इसे पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के माध्यम से कराने के निर्देश दिए, ताकि परिसर शैक्षणिक माहौल के साथ-साथ बिहार की समृद्ध लोक कला और संस्कृति से भी सुसज्जित हो सके।

विद्यालय के आसपास अतिक्रमण और जलजमाव की समस्या पर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया:
- अतिक्रमण मुक्ति: आयुक्त ने प्राचार्य को नगर परिषद कंकड़बाग के कार्यपालक पदाधिकारी एवं सीओ पटना सदर को पत्र भेजने को कहा और प्रशासनिक स्तर पर समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया।
- जल निकासी: नगर निगम एवं पीएचईडी के अधिकारियों को परिसर में ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या न हो।
- विद्यार्थियों की सुरक्षा: विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय छात्रों के सुरक्षित आवागमन के लिए पुलिस विभाग को चिन्हित समय पर आवश्यक पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान छात्र-छात्राओं ने योग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। आयुक्त ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। बैठक में आयकर आयुक्त श्रीमती रिंकू सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य, शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।
