सीसीएल की 40वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता का समापन: बरका-सयाल क्षेत्र बना ओवरऑल चैंपियन

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने सराहा बचावकर्मियों का पराक्रम, नदीम रहमान आलम बने सर्वश्रेष्ठ कप्तान

रांची, 25 सितंबर 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा आयोजित 40वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता-2026 का चार दिवसीय आयोजन सीसीएल मुख्यालय स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर के संगम सभागार में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन समारोह के दौरान विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों व जांबाज प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

समारोह का शुभारंभ सीसीएल सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, खान सुरक्षा निदेशालय के उप-महानिदेशक डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद (दक्षिण-पूर्व) व मनीष चंद्र जायसवाल (मध्य), सीसीएल के निदेशकगण—पवन कुमार मिश्रा (वित्त), हर्ष नाथ मिश्र (मानव संसाधन), चंद्र शेखर तिवारी (तकनीकी/संचालन), अनुप हंजुरा (योजना एवं परियोजना) सहित खान सुरक्षा निदेशकों व मुख्य निर्णायक अजीत कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। केंद्रीय विद्यालय सीसीएल, राजेंद्र नगर के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, मनमोहक नृत्य व प्रेरणादायी नाटक प्रस्तुत किया।

बरका-सयाल ने लहराया परचम, व्यक्तिगत वर्ग में भी दिखा दम

चार दिनों तक चली कठिन तकनीकी स्पर्धाओं, रेस्क्यू-रिकवरी, रिले रेस और प्राथमिक उपचार में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर परिणामों की घोषणा की गई:

  • ओवरऑल चैंपियन: बरका-सयाल क्षेत्र की टीम ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए ओवरऑल विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम ने रेस्क्यू व रिकवरी तथा रिले रेस में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
  • ओवरऑल उपविजेता (द्वितीय): आम्रपाली एवं चंद्रगुप्त क्षेत्र की टीम ओवरऑल में दूसरे स्थान पर रही। इस टीम ने फर्स्ट एड प्रैक्टिकल व स्टेट्यूटरी में दूसरा और रेस्क्यू एवं रिकवरी में तीसरा स्थान हासिल किया।
  • तृतीय स्थान: अरगड़ा क्षेत्र की टीम ने ओवरऑल में तीसरा स्थान झटका तथा ऑनलाइन थ्योरी परीक्षा में दूसरा स्थान पाया।

व्यक्तिगत सम्मान:

  • ओवरऑल बेस्ट कैप्टन: नदीम रहमान आलम (आम्रपाली एवं चंद्रगुप्त क्षेत्र)
  • सेकेंड बेस्ट कैप्टन: सच्चिदानंद कुमार (अरगड़ा क्षेत्र)
  • बेस्ट मेंबर: हितेश झा (कुजू क्षेत्र)
  • सेकेंड बेस्ट मेंबर: मनीष कुमार सिंह (बरका-सयाल क्षेत्र)

खनन सुरक्षा की रीढ़ हैं बचावकर्मी: सीएमडी

अध्यक्षीय संबोधन में सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि खान बचाव कर्मियों का अदम्य साहस, समर्पण और त्वरित निर्णय क्षमता खनन उद्योग की सुरक्षा व्यवस्था की सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने आगामी अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता-2026 के भव्य आयोजन के प्रति सीसीएल की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्य अतिथि डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद ने आधुनिक तकनीकों को बचाव कार्यों में शामिल करने पर जोर दिया। महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) विनोद कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में अधीक्षक (खान बचाव केंद्र, रामगढ़) अमरेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

Verified by MonsterInsights