-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सीईआईआर पोर्टल की मदद से 5 माह में 627 फोन बरामद, 3 पर चोरी का केस दर्ज
बोकारो, 25 सितंबर: जिले में लगातार मोबाइल गुम होने की मिल रही शिकायतों पर बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों को सीईआईआर (CEIR) पोर्टल का उपयोग कर गुमशुदा फोन अविलंब ट्रैक करने का आदेश दिया गया था। इसके तहत चलाए गए विशेष अभियान में 26 अगस्त 2026 से 25 सितंबर 2026 के बीच चास, बेरमो (तेनुघाट), नगर और मुख्यालय क्षेत्र से कुल 60 मोबाइल बरामद किए गए।

शुक्रवार को पुलिस ने उचित सत्यापन के बाद सभी 60 फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। जिले में बीते 5 महीनों के दौरान अब तक कुल 627 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर लोगों को वापस किए जा चुके हैं। वहीं, मोबाइल चोरी के मामलों में 3 प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने को सूचना दें और सरकार के आधिकारिक सीईआईआर पोर्टल पर आवश्यक विवरण दर्ज करें। ऐसा करने से खोए फोन का इस्तेमाल होते ही थाने और धारक दोनों को अलर्ट मिल जाता है।
