– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
ग्रामीणों ने खदेड़कर छह मवेशियों को कराया मुक्त, अंधेरे का फायदा उठाकर दो तस्कर फरार
चंदनकियारी (बोकारो), 1 सितंबर 2026: चंदनकियारी प्रखंड के अमलाबाद ओपी क्षेत्र अंतर्गत सीतानाला के पास ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मवेशियों की चोरी कर भाग रहे तस्करों को खदेड़कर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने मौके से पिकअप वैन समेत छह मवेशियों को मुक्त कराया और गिरोह की एक महिला सदस्य को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन (JH 10 BQ 7258) में तीन बछड़े और तीन बछड़ियां चोरी कर ले जाई जा रही थीं। भनक लगते ही ग्रामीणों ने वाहन का पीछा किया और सीतानाला के पास उसे घेर लिया। वाहन रुकते ही चालक और एक तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले, जबकि वैन में सवार मलिका खातून नामक महिला को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
ग्रामीण कमल ओझा की लिखित शिकायत पर पुलिस ने वाहन और मवेशियों को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में धनबाद के फुसबांगला निवासी मलिका खातून ने बताया कि वह संगठित मवेशी तस्कर गिरोह की सदस्य है। उसने फरार आरोपियों की पहचान अपने पति वासी कंकाली और चालक साहिल अंसारी के रूप में की है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
