Rajesh Mohan Sahay –
धनबाद, 20 दिसंबर 2025 : धनबाद जिले के निरसा प्रखंड स्थित लोयोला स्कूल तालडांगा ने अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती दिवस का भव्य आयोजन किया। स्कूल परिसर में आयोजित यह दो दिवसीय कार्यक्रम ऐतिहासिक और यादगार बन गया, जिसमें शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत धर्माध्यक्ष मान्यवर विशभ स्वामी टेलेफॉर बिलुंग द्वारा प्रार्थना के साथ की गई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि निरसा विधायक अरूप चटर्जी, निरसा अनुमंडल पदाधिकारी रजत माणिक बाखला, स्कूल सचिव फादर अल्फांजो, उप-प्रधानाध्यापिका विवियन एक्का, बीसीसीएल महाप्रबंधक शशि भूषण कुमार, चिरकुंडा नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, समाजसेवी अशोक मंडल एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर लोयोला हॉल एवं स्वर्ण जयंती भवन का उद्घाटन किया। उल्लेखनीय है कि यह भवन बिना कंक्रीट के केरल की एक कंपनी द्वारा निर्मित किया गया है, जो क्षेत्र में एक अद्भुत निर्माण का उदाहरण है।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा मार्चपास्ट, परेड और रथ के माध्यम से अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। स्वर्ण जयंती समारोह के तहत स्कूल मैदान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं आतिशबाजी का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के तिलक, दीप प्रज्वलन एवं सम्मान समारोह के साथ हुई। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत अतिथियों को मोमेंटो, पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात बच्चों द्वारा भगवान की स्तुति, प्रार्थना, मोबाइल के दुष्प्रभाव पर आधारित नृत्य तथा देश के विभिन्न धर्मों, राज्यों और सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं की प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने अपने संबोधन में स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह की सराहना करते हुए विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और विद्यालय की निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य फादर जॉनी पी. डी. ने कहा कि लोयोला स्कूल को 50 वर्षों तक उन्नति के पथ पर ले जाने में पूर्व और वर्तमान फादरों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए ईश्वर से विद्यालय की निरंतर प्रगति की प्रार्थना की।
स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान केक काटकर जश्न मनाया गया। साथ ही लोयोला स्कूल मिस 2024 एवं मिस्टर 2024 का खिताब विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं कप देकर सम्मानित किया गया। वर्ष 2024 के टॉपर विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों के साथ मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्वर्ण जयंती भवन के निर्माण से जुड़े संविदाकार को भी मोमेंटो और पौधा देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर स्कूल एंथम एवं राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन किया गया। अंत में प्राचार्य फादर जॉनी पी. देवासिया ने सभी को आगामी क्रिसमस एवं नव वर्ष 2026 की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिससे लोयोला स्कूल तालडांगा का स्वर्ण जयंती समारोह हर किसी के लिए अविस्मरणीय बन गया।
