‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ में ‘दद्दू प्रसाद’ बन छाए रवि साह

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

पूर्णिया के अभिनेता ने विलेन के किरदार में लगाया कॉमेडी का तड़का, अक्टूबर में ‘भैरव’ बनकर लौटेंगे

पटना, 25 सितंबर: जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ में दयानिधि प्रसाद उर्फ ‘दद्दू’ का किरदार निभाकर पूर्णिया के अभिनेता रवि साह जबरदस्त सुर्खियों में हैं। पर्दे पर उनका निभाया राजनीतिक दांव-पेंच का यह किरदार खतरनाक खलनायक होने के साथ-साथ अपनी खास हरकतों और बोलचाल से दर्शकों को हंसाता भी है। अभिनेता का मानना है कि दद्दू की यही खूबी उसे बाकी विलेन से अलग और अधिक प्रभावी बनाती है।

रवि साह अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपनी टीम, लेखक, निर्माता और दर्शकों को देते हैं। उनका कहना है कि सीरीज में कई नए चेहरों की मौजूदगी के कारण किरदार दर्शकों को बेहद वास्तविक लगे। बिहार की पृष्ठभूमि से जुड़े होने के कारण उन्हें इस राजनीतिक किरदार की बॉडी लैंग्वेज के लिए अलग से कोई खास तैयारी नहीं करनी पड़ी, क्योंकि राज्य के सामाजिक-राजनीतिक परिवेश को उन्होंने बचपन से करीब से देखा है। पर्दे पर नेता की भूमिका निभाने के बाद असल राजनीति में आने के सवाल पर रवि ने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अभिनय पर है, लेकिन भविष्य में जनता का प्यार और सही अवसर मिला तो इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

करियर के इस पड़ाव पर अब वह मुख्य और चुनौतीपूर्ण किरदारों की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। दर्शकों को जल्द ही उनका एक और नया रूप देखने को मिलेगा; अक्टूबर में एमएक्स अमेजन पर आने वाले नए शो में वह ‘भैरव’ के एक बेहद दमदार और पूर्ण किरदार में नजर आएंगे। वहीं, ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ के तीसरे सीजन को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि दर्शकों की भारी मांग के चलते संभावनाएं जरूर हैं, लेकिन फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ भी तय नहीं हुआ है।

Verified by MonsterInsights