बाढ़ के रहीमपुर-रूपस में पीएम आवास योजना के 1369 लाभुकों की सूची जारी, मुखिया बचोला देवी ने ग्राम सभा में की घोषणा

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

अचुआरा सामुदायिक भवन पर चस्पा की गई नई सर्वे सूची, बिना भेदभाव सभी पात्र परिवारों को पक्का मकान देने का संकल्प

पटना/बाढ़, 03 अक्टूबर 2026 : पटना जिले के बाढ़ प्रखंड अंतर्गत रहीमपुर-रूपस पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत नए सर्वे के आधार पर 1369 पात्र लाभुकों की आधिकारिक सूची जारी कर दी गई है। अचुआरा गांव स्थित सामुदायिक भवन में मुखिया बचोला देवी की अध्यक्षता में आयोजित विशेष ग्राम सभा के दौरान इस सूची की विधिवत घोषणा की गई।

पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूरी सूची को सामुदायिक भवन के मुख्य द्वार पर सार्वजनिक रूप से चस्पा कर दिया गया है, ताकि ग्रामीण आसानी से अपना नाम देख सकें। मुखिया प्रतिनिधि संतोष सिंह ने बताया कि नए सर्वेक्षण में शामिल सभी 1369 परिवारों को आवास का लाभ मिलना लगभग तय है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रशासन बिना किसी भेदभाव के सभी ग्रामीणों को परिवार मानकर सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ग्राम सभा में उप मुखिया पल्लव कुमार, पंचायत सचिव सुनील कुमार, कार्यपालक सहायक अनिल शाह और ग्रामीण आवास सहायक प्रेम कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा वार्ड सदस्य कारु राय, वेद प्रकाश, अभिमन्यु कुमार, गौरव कुमार और शंभू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

ग्रामीणों ने एक ही मंच पर पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय कर्मियों की मौजूदगी में सौहार्दपूर्ण वातावरण में सूची जारी किए जाने पर खुशी जताई। पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी लोक कल्याणकारी योजनाओं को सरकारी मानकों के अनुसार पूरी गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ जमीन पर उतारा जा रहा है।

Verified by MonsterInsights