बाढ़ के उमानाथ मंदिर-घाट पर ‘सेवा संकल्प अभियान’, कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के तहत गंगा घाट परिसर में व्यापक सफाई, स्वच्छता को जीवनशैली बनाने का आह्वान

पटना/बाढ़, 03 अक्टूबर 2026 : महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बाढ़ अनुमंडल स्थित प्रसिद्ध उमानाथ मंदिर एवं गंगा घाट परिसर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा ओबीसी मोर्चा (बाढ़ संगठन जिला) के प्रभारी सत्यनारायण प्रसाद के नेतृत्व में चले इस अभियान में कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।

अभियान के दौरान मंदिर परिसर, घाट की सीढ़ियों और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई की गई। “स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में महंत विश्वनाथ भारती, भाजपा नेता संजय गिरी, चिराग चतुर्वेदी, कीस्टो गुप्ता, अरुण गुप्ता, मुन्ना गुप्ता और कारू बाबा सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने आम नागरिकों को अपने आसपास नियमित सफाई बनाए रखने और इसे सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रारंभ हुए स्वच्छता पखवाड़े के तहत विभिन्न विद्यालयों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई अभियान निरंतर जारी है। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छता केवल एक दिन का औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि दैनिक जीवनशैली का स्थायी हिस्सा बनना चाहिए। ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वच्छता, लोक कल्याण और सेवा भाव से जोड़ते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण करना है।

Verified by MonsterInsights