टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत राज्यपाल ने 51 मरीजों को पोषण सहायता प्रदान की

पटना, 24 जुलाई : प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने शुक्रवार को बिहार लोक भवन में 51 टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया। राज्यपाल ने नि-क्षय मित्र के रूप में इन मरीजों को गोद लेते हुए उनके उपचार एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं में सहयोग का संदेश दिया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने टीबी मरीजों से नियमित रूप से चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवा लेने और पौष्टिक आहार का सेवन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निरंतर दवा, संतुलित पोषण और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर टीबी जैसी बीमारी को पूरी तरह हराया जा सकता है।

राज्यपाल ने मरीजों को सलाह दी कि वे उपचार के दौरान किसी भी परिस्थिति में चिकित्सक की सलाह के बिना दवा लेना बंद न करें। उन्होंने कहा कि उपचार की निरंतरता ही टीबी से पूर्णतः स्वस्थ होने की सबसे महत्वपूर्ण शर्त है।

उन्होंने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की सहभागिता और जन-जागरूकता के माध्यम से देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सभी लोगों से इस अभियान में सहभागी बनने और टीबी मरीजों के प्रति सहयोगात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, राज्यपाल सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी, फूड बास्केट प्राप्त करने वाले टीबी मरीज तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।