पुलिस संस्मरण दिवस पर बोकारो पुलिस लाइन में अमर शहीदों को नमन, परिजनों को किया गया सम्मानित

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि, एएसपी ने सुनी परिजनों की समस्याएं

बोकारो, 21 अक्टूबर 2026 : पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर आज पुलिस केंद्र बोकारो में कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अर्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस के बहादुर जवानों के अतुलनीय योगदान को याद किया गया। समारोह में बोकारो जिला बल के वीर सपूतों के साथ-साथ इस वर्ष झारखंड राज्य के शहीद हुए तीन जवानों के नाम का स्मरण कर उन्हें नमन किया गया। परेड के दौरान सार्जेंट दीना हंसदा के नेतृत्व में जवानों ने अमर शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी।

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में देश की सीमा की रक्षा में तैनात भारतीय पुलिस दल पर चीनी सेना ने अचानक घात लगाकर कायराना हमला कर दिया था। उस भीषण मुठभेड़ में मातृभूमि की रक्षा करते हुए 10 वीर पुलिसकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए थे। उन्हीं वीर सपूतों के ऐतिहासिक और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देश भर में पुलिस संस्मरण दिवस मनाया जाता है।

इस गरिमामय मौके पर शहीद जवानों के परिजनों को विशेष रूप से पुलिस केंद्र आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। एएसपी वेदांत शंकर (आईपीएस) ने शहीद परिजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के कड़े निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, सीसीआर डीएसपी राम प्रवेश कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद, सार्जेंट मेजर प्रणव कुमार, सार्जेंट मेजर 2 जॉय प्रभाकर लकड़ा, चास थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार, सेक्टर 6 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रांत कुमार, सार्जेंट शिव प्रसाद महतो सहित पुलिस एसोसिएशन एवं पुलिस मेंस एसोसिएशन के कई पदाधिकारी व जवान उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights