बोकारो में 45 नव चयनित सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

Live ख़बर

Anjaan Jee
Editor in Chief & Publisher

बोकारो, 02 सितंबर, 2025 – बोकारो के समाहरणालय सभागार में मंगलवार को शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कक्षा 6 से 8 के लिए नव चयनित 45 सहायक आचार्यों (गणित एवं विज्ञान) को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर उपायुक्त श्री अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इस मौके पर, जिले में चयनित कुल 51 आचार्यों में से 46 को नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि 5 अन्य को रांची मुख्यालय में मुख्यमंत्री द्वारा पत्र सौंपा गया। एक चयनित सहायक आचार्य अनुपस्थित रहे।

देश के भविष्य को गढ़ने की जिम्मेदारी आपके कंधों पर

उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने नव चयनित आचार्यों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक का स्थान समाज में सर्वोच्च है और उन पर देश के भविष्य को गढ़ने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए एक सेवा है।” उन्होंने सभी शिक्षकों से ईमानदारी और लगन के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की अपील की।

सकारात्मक ऊर्जा के साथ पढ़ाएं

उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने कहा कि शिक्षकों को बच्चों के लिए एक आदर्श बनना चाहिए। उन्होंने कहा, “कक्षा में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा लेकर जाएं और बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल, कला और विज्ञान जैसे अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी शामिल कर उनका सर्वांगीण विकास करें।”

नियुक्ति पत्र मिलने पर सभी नव चयनित सहायक आचार्यों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने इसे अपने और अपने परिवार के सपनों की पूर्ति बताया।

जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) श्री अतुल कुमार चौबे ने कहा कि इन नियुक्तियों से सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा, खासकर गणित और विज्ञान जैसे विषयों में। उन्होंने बताया कि जल्द ही इन सभी शिक्षकों की विद्यालयों में पदस्थापन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

JOIN US

Verified by MonsterInsights