जनहित की योजनाएं समय पर पूरी करने का निर्देश

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

जिला योजना क्रियान्वयन समिति की बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा ने गुणवत्ता, समयबद्धता और नियमित मॉनिटरिंग पर दिया जोर

बोकारो, 15 जुलाई। बोकारो समाहरणालय में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला योजना क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला अनाबद्ध निधि से संचालित योजनाओं एवं प्रस्तावित नई परियोजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही वर्ष 2025-26 के अंतर्गत चल रही योजनाओं की प्रगति का भी विस्तृत आकलन किया गया।

बैठक में उपायुक्त ने राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम (एनआरईपी), स्पेशल डिवीजन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, तेनुघाट, चास तथा लघु सिंचाई विभाग सहित विभिन्न कार्यान्वयन एजेंसियों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में जिला अनाबद्ध निधि के उपयोग का स्वरूप भी निर्धारित किया गया। निर्णय के अनुसार कुल आवंटन का 30 प्रतिशत हिस्सा आधारभूत संरचना के विकास पर खर्च किया जाएगा, जबकि शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, आजीविका और स्वास्थ्य जैसे प्रमुख क्षेत्रों के लिए 15-15 प्रतिशत राशि निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त 10 प्रतिशत राशि आकस्मिक आवश्यकताओं के लिए सुरक्षित रखी जाएगी।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने निर्माण कार्यों के साथ उनके रखरखाव को भी अनिवार्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यान्वयन एजेंसियां अपने तकनीकी प्राक्कलन में निर्माण के साथ-साथ तीन से पांच वर्षों तक परिसंपत्तियों के रखरखाव का वित्तीय प्रावधान भी शामिल करें, ताकि निर्मित परियोजनाओं की उपयोगिता लंबे समय तक बनी रहे।

बैठक में योजनाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उपायुक्त ने जिला योजना पदाधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए कहा कि जिला अनाबद्ध निधि से संचालित योजनाओं की प्रत्येक 15 दिन पर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा होगी, जबकि प्रत्येक माह स्वयं उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से प्राप्त कई जनोपयोगी प्रस्तावों को प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजुमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला योजना पदाधिकारी राज शर्मा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सीएसआर नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह तथा विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights