विकसित भारत के संकल्प के साथ युवाओं ने ली कर्तव्य पालन की शपथ

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

आरएसएस शताब्दी वर्ष पर बोकारो के तीन शिक्षण संस्थानों में युवा प्रबोधन कार्यक्रम, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ मंथन

बोकारो, 15 जुलाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय युवा कार्यक्रम श्रृंखला के तहत बोकारो के तीन प्रमुख शिक्षण संस्थानों में “विकसित भारत के निर्माण में नागरिक कर्तव्य और स्व के मंत्र की भूमिका” विषय पर युवा प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

यह कार्यक्रम श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर (सेक्टर-3सी) तथा बोकारो महिला कॉलेज में आयोजित किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रारंभ हुए कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत महाविद्यालयीन विद्यार्थी प्रमुख संजीत ने मुख्य वक्ता के रूप में युवाओं को संबोधित किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का उद्देश्य समाज को संगठित कर राष्ट्र को प्रगति के शिखर तक पहुंचाना है। उन्होंने वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन संघ की स्थापना से लेकर शताब्दी वर्ष तक की यात्रा, संगठन के अनुशासन तथा राष्ट्र सेवा की परंपरा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मुख्य वक्ता ने शताब्दी वर्ष के अवसर पर निर्धारित ‘पंच परिवर्तन’ के संकल्प को युवाओं के समक्ष रखते हुए उसे जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने आत्मगौरव और राष्ट्रीय अस्मिता, परिवारों में संस्कार एवं संवाद को बढ़ावा देने वाले कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में कर्तव्य पालन को विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला बताया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान में निहित 11 मूलभूत नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की सामूहिक शपथ ली।

कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल की प्रधानाध्यापिका पी. शैलजा जयकुमार, निदेशक एस.एस. महापात्रा, राजलक्ष्मी, सुरेश नायर, मोहनन नायर, सरस्वती विद्या मंदिर (सेक्टर-3सी) के प्रधानाचार्य संजीव कुमार, सचिव राजकुमार सिंह, बोकारो महिला कॉलेज की प्राचार्या नीलिमा मिश्रा सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक एवं पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर आरएसएस के महानगर कार्यवाह रतन लाल महतो, महानगर प्रचारक सुधीर कुमार, मोहित कुमार तथा बड़ी संख्या में शिक्षक, प्राध्यापक, विद्यार्थी और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।