प्रेम प्रसंग में युवक हाई-टेंशन टावर पर चढ़ा

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

चंदनकियारी में प्रेमिका से विवाह की मांग को लेकर युवक का हाई-वोल्टेज टावर पर चढ़ना बना चर्चा का विषय, तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा गया

बोकारो, 23 जुलाई। बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड के बरमसिया ओपी क्षेत्र स्थित चंडीपुर गांव में गुरुवार को एक युवक प्रेम प्रसंग को लेकर हाई-टेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक की इस हरकत से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा लगभग साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

जानकारी के अनुसार, पेटरवार के पढ़ियाटांड़ निवासी 18 वर्षीय सूरज मुंडा, जो चंडीपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है, दोपहर करीब तीन बजे 1.33 लाख वोल्ट क्षमता वाली हाई-टेंशन बिजली लाइन के लगभग 100 फीट ऊंचे ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक कथित रूप से अपनी सहपाठी युवती से विवाह की मांग को लेकर यह कदम उठा रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही चंदनकियारी के अंचलाधिकारी रवि आनंद, पुलिस निरीक्षक रवींद्र कुमार तथा बरमसिया ओपी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए बिजली विभाग से समन्वय स्थापित कर संबंधित हाई-टेंशन लाइन की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कराई गई।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार युवक से बातचीत कर उसे शांत करने का प्रयास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक शाम करीब साढ़े छह बजे स्वयं टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए चंदनकियारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।

प्रशासन ने की अपील, ऐसे कदम जानलेवा

प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्तिगत, पारिवारिक या सामाजिक विवाद के समाधान के लिए इस प्रकार के जोखिमपूर्ण कदम न उठाएं। हाई-टेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ना जानलेवा हो सकता है और इससे स्वयं के साथ-साथ बचाव कार्य में जुटे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के समय में बोकारो जिले में इस तरह की घटनाओं में वृद्धि देखने को मिली है। प्रशासन ने नागरिकों से संयम बरतने तथा किसी भी समस्या के समाधान के लिए कानूनी और सामाजिक माध्यमों का सहारा लेने की अपील की है।