– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 15 आपराधिक मामलों का आरोपी दबोचा, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
बोकारो, 23 जुलाई। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बालीडीह थाना और सेक्टर-12 थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी संजय भुईयां उर्फ बुलेट भुईयां (32) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के एलएच मोड़ (काली मंदिर के समीप) का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। बालीडीह थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार और सेक्टर-12 थाना प्रभारी सुभाष चंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सुनियोजित घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई बालीडीह थाना कांड संख्या 334/25 के सिलसिले में की गई।
छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक अजय कुमार राय, चंद्रदेव कुमार और अविनाश गौतम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
15 संगीन मामलों में दर्ज है नाम
सिटी डीएसपी राजीव रंजन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक अभ्यस्त अपराधी है, जिसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में चोरी, गृहभेदन, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनमें बालीडीह थाना के कांड संख्या 334/25 और 237/25, चीरा चास थाना के कई संगीन मामले, सेक्टर-12 थाना में आर्म्स एक्ट, लूट और चोरी से संबंधित मामले, बीएस सिटी थाना के पुराने आपराधिक मामले तथा चंद्रपुरा थाना में गृहभेदन एवं चोरी से जुड़े प्रकरण शामिल हैं।
अपराध नियंत्रण अभियान को मिली मजबूती
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बुलेट भुईयां की गिरफ्तारी से शहर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी तथा संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

