– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, 8 अगस्त से शुरू होगी अभ्यास परेड
बोकारो, 23 जुलाई। आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य एवं सुव्यवस्थित समारोह के आयोजन को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में समारोह की विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के राष्ट्रीय गौरव और सम्मान का प्रतीक है, इसलिए आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था में गुणवत्ता, अनुशासन और समयबद्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष भी मुख्य ध्वजारोहण एवं परेड समारोह सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होगा। समारोह स्थल की तैयारियों के तहत बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) द्वारा मैदान के समतलीकरण, मोरम बिछाने और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का कार्य किया जा रहा है। बीएसएल प्रबंधन ने सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने का आश्वासन दिया है।
इसके साथ ही जिले के सभी सरकारी कार्यालयों एवं समारोह स्थल पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस कार्य की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
11 प्लाटून करेंगी मार्च पास्ट, थीम आधारित होगा आयोजन
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह को विशेष थीम आधारित स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को उपयुक्त थीम तय करने की जिम्मेदारी दी गई है।
समारोह में जिला सशस्त्र बल, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, होमगार्ड, एनसीसी, चौकीदार दल तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित कुल 11 प्लाटून आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत करेंगी। परेड का अभ्यास 8 अगस्त से 13 अगस्त तक पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया जाएगा।
विद्यालयों में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
डीडीसी को सौंपी गई समारोह की जिम्मेदारी
समारोह के सफल आयोजन, समन्वय एवं पर्यवेक्षण के लिए उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को वरीय प्रभारी बनाया गया है। बैठक का संचालन सामान्य शाखा के प्रभारी पदाधिकारी कुमार कनिष्क ने किया।
बैठक में प्रशिक्षु पदाधिकारी अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, डीपीआरओ मो. शफीक आलम, डीसीएलआर अनुराधा कुमारी, मुख्यालय डीएसपी राजीव रंजन, जिला नजारत उप समाहर्ता राज शर्मा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
