नालंदा खुला विश्वविद्यालय में डिजिटल स्टूडियो का उद्घाटन

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

राज्यपाल ने ऑनलाइन क्लास एवं मास कम्युनिकेशन स्टूडियो का किया शुभारंभ, डिजिटल शिक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभावी उपयोग पर दिया बल

पटना, 15 जुलाई। बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने नालंदा खुला विश्वविद्यालय में ऑनलाइन क्लास स्टूडियो एवं मास कम्युनिकेशन स्टूडियो का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने इन नई सुविधाओं को डिजिटल शिक्षा और आधुनिक संचार को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।

राज्यपाल ने कहा कि डिजिटल युग में संचार परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। भारत को अपनी समृद्ध सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक धरोहर और ऐतिहासिक उपलब्धियों को आत्मविश्वास के साथ वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से सोशल मीडिया, पॉडकास्ट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा अन्य डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए नालंदा की गौरवशाली विरासत, बिहार की बौद्ध परंपरा और भारत की सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित प्रभावशाली डिजिटल सामग्री तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास भारत की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहायक होंगे।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने तथा उन्हें अध्ययन, अध्यापन और संचार का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया में वही आगे बढ़ेंगे, जो समय के साथ नई तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रभावी उपयोग करना सीखेंगे।

युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने नवाचार को अपनाने, संकोच छोड़ने तथा संवाद कौशल को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य उन्हीं का है, जो प्रभावी संचार के माध्यम से समाज को प्रेरित करने की क्षमता रखते हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं से निरंतर सीखते रहने, नई तकनीकों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, नालंदा खुला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवीन्द्र कुमार, कुलसचिव प्रो. अभय कुमार सिंह, नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक भरत सोनी, विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights