अपहृत बालक के परिजनों से मिले मंत्री संजय सिंह

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

वैशाली में 8 वर्षीय बालक के अपहरण मामले पर जताया दुख, निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के दिए निर्देश

वैशाली, 24 जुलाई: वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत रामपुर श्याम चंद पंचायत निवासी अनिल पंडित के आठ वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार के अपहरण एवं कथित रूप से गंगा नदी में फेंके जाने की घटना पर मंत्री संजय सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की और भरोसा दिलाया कि सरकार न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।

मंत्री संजय सिंह ने पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है तथा मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और परिवार को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

उन्होंने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वैशाली के पुलिस अधीक्षक को अपहरण के सभी पहलुओं की गहन जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) द्वारा चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने बालक की तलाश के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।

मंत्री संजय सिंह ने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है और प्रशासन को पूरी जवाबदेही एवं गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने दोहराया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।