– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
प्रेम प्रसंग व रंजिश में रची गई थी खौफनाक साजिश, मुख्य आरोपी लाली समेत तीन दबोचे गए
पटना/बाढ़, 02 सितंबर 2026: बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना सैदपुर गांव में चार युवकों की संदिग्ध मौत के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह मामला जहरीली शराब से मौत का नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से शराब में जहर मिलाकर की गई हत्या का है। इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश मुख्य वजह रही। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध (नाबालिग) किशोर को निरुद्ध किया गया है।
बहन के प्रेम प्रसंग और तानों के प्रतिशोध में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि मुख्य आरोपी लाली कुमार की बहन के साथ मृतक नीशू कुमार का पिछले दो-ढाई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में गहरा विवाद था। नीशू और उसके साथी लाली को अक्सर ताने मारकर चिढ़ाया करते थे। इसी प्रतिशोध की आग में लाली ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की खौफनाक साजिश रची। लाली ने चारों युवकों को शराब पीने के लिए आमंत्रित किया और पहले से बाजार से खरीदकर लाए गए जहर को शराब में मिला दिया, जिसे पीने के बाद चारों की तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान मौत हो गई।
एसआईटी और डीआईयू की संयुक्त कार्रवाई में हुआ खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस और डीआईयू (DIU) को मिलाकर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लाली कुमार और जहर उपलब्ध कराने वाले सब्जी विक्रेता रुदल कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया। घटना की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए विसरा और शराब के नमूनों को विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से छानबीन कर रही है।
