– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर ने किया उद्घाटन, पहली बार कच्ची कांवरिया पथ पर सात आधुनिक टेंट सिटी की व्यवस्था
मुंगेर, 31 जुलाई। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ असरगंज प्रखंड अंतर्गत कच्ची कांवरिया पथ के प्रारंभिक बिंदु कमराय में दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। उद्घाटन जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने किया। भगवान भोलेनाथ के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच शुरू हुए इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। समारोह में पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने पिछले कई दिनों से युद्धस्तर पर तैयारियां की हैं, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष मुंगेर जिले के लगभग 26 किलोमीटर लंबे कच्ची कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहली बार सात आधुनिक टेंट सिटी विकसित की गई हैं। यहां विश्राम, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही टेंट सिटी में प्रतिदिन भजन, भक्तिगीत, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण के साथ सांस्कृतिक अनुभव भी प्राप्त होगा।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
उन्होंने बताया कि पूरे कांवरिया पथ पर पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता, विद्युत प्रकाश, सुरक्षा व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष, सूचना सहायता केंद्र तथा आपदा प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था की गई है। सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति कर उन्हें चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए तैनात किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुखद बनाना है। उन्होंने कांवरिया पथ के दुकानदारों से गुणवत्तापूर्ण भोजन उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री, श्रद्धालुओं के साथ धोखाधड़ी या पेयजल की अनावश्यक बर्बादी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस वर्ष सभी दुकानदारों के लिए विधिवत विद्युत कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने कहा कि पूरे कांवरिया पथ पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं गश्ती दल तैनात किए गए हैं तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कच्ची कांवरिया पथ के प्रारंभिक बिंदु पर स्थापित चिकित्सा शिविर का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
‘हर-हर महादेव’ के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आवश्यकता होने पर निकटतम सहायता केंद्र या प्रतिनियुक्त अधिकारियों से संपर्क करें।

