-लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
बांकीपुर स्कूल में कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती पूरी, प्रमाण-पत्र जारी
पटना, 28 अक्टूबर: बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हो गई। प्रशासन की कड़ी निगरानी और चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच परिणाम घोषित किए गए। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार ने जीत दर्ज की, जबकि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार विजयी रहे। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी सह प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने दोनों विजेता उम्मीदवारों को प्रमाण-पत्र सौंपा। दिनभर चली मतगणना के दौरान केंद्र पर समर्थकों और प्रत्याशियों की गहमागहमी बनी रही। परिणाम सामने आने के बाद भीड़ धीरे-धीरे छंटने लगी। वहीं, केंद्र पर मौजूद मतदाताओं का कहना है कि जीत के बाद अब दोनों प्रतिनिधियों के सामने शिक्षकों और स्नातकों से जुड़े मुद्दों को धरातल पर उतारने की असली चुनौती होगी।

