– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के लिए जनजागरूकता अभियान, मेले में मिले 56 सोलर पैनल आवेदन
बक्सर, 31 जुलाई। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और सौर ऊर्जा के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से बक्सर नगर भवन में “सौर मेला” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि तथा सहायक समाहर्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सोलर वेंडरों की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी साहिला ने सौर ऊर्जा के लाभों और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विशेषताओं की विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों से अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से नागरिक स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बिजली का उत्पादन कर न केवल बिजली बिल में बचत कर सकते हैं, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से स्वयं अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाने तथा आम लोगों को भी योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने जिले में अधिक से अधिक सोलर पैनल स्थापित करने के उद्देश्य से “मिशन प्रभाकिरण” की शुरुआत की। इस अभियान के माध्यम से जिले के प्रत्येक नागरिक से सौर ऊर्जा को अपनाकर बक्सर को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी जिला बनाने का आह्वान किया गया।
सौर मेले में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता, आरा के विद्युत अधीक्षण अभियंता, बक्सर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, जिला अग्रणी बैंक के पदाधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, नगर निकाय के जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद, नगर अध्यक्ष, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, ग्राम सरपंच तथा सोलर वेंडर उपस्थित रहे।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
मेले में पहुंचे लोगों ने सौर ऊर्जा, सोलर पैनल स्थापना प्रक्रिया तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही योजना के तहत अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए 56 आवेदन भी प्राप्त हुए, जो योजना के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि को दर्शाता है।
प्रशासन ने उम्मीद जताई कि मिशन प्रभाकिरण के माध्यम से जिले में सौर ऊर्जा के उपयोग को नई गति मिलेगी और अधिक से अधिक परिवार स्वच्छ, किफायती एवं पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा अपनाकर प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाएंगे।

