– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
सिकंदरा के दोनों स्कूलों का औचक निरीक्षण, आठ शिक्षक अनुपस्थित; जांच प्रतिवेदन डीएम को भेजा
पटना/बाढ़ : 31 अगस्त 2026 | बाढ़ के नवपदस्थापित एसडीएम कृष्णा जोशी ने बेलछी प्रखंड की फतेहपुर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय सिकंदरा और उच्च माध्यमिक विद्यालय सिकंदरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों में कई अनियमितताएं और अव्यवस्थाएं सामने आईं। एसडीएम ने मामले में कार्रवाई के लिए पटना के जिलाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को जांच प्रतिवेदन भेजा है।
प्राथमिक विद्यालय सिकंदरा के निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक विनय शंकर प्रसाद अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति भी नगण्य मिली। प्रधानाध्यापक के अनुपस्थित रहने के कारण मध्याह्न भोजन योजना से संबंधित भंडार और भंडार पंजी की जांच नहीं हो सकी।
वहीं, उच्च माध्यमिक विद्यालय सिकंदरा के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार भी विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने बेलछी के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को अवकाश का आवेदन दिया था और अवकाश पर चले गए थे। हालांकि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने उनका अवकाश रद्द कर इसकी सूचना उन्हें दे दी थी। इसके बावजूद प्रधानाध्यापक विद्यालय में उपस्थित नहीं थे।

छह अन्य शिक्षक भी मिले अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान उच्च माध्यमिक विद्यालय के छह अन्य शिक्षक भी अनुपस्थित पाए गए। प्रधानाध्यापक की अनुपस्थिति के कारण मध्याह्न भोजन योजना से संबंधित भंडार पंजी की जांच नहीं हो सकी।
भौतिक जांच के दौरान विद्यालय के भंडार में मात्र छह बैग यानी करीब तीन क्विंटल अरवा चावल पाया गया। इसके अलावा भंडार में अन्य कोई खाद्य सामग्री उपलब्ध नहीं मिली।
अनुपस्थित शिक्षकों से पूछा जाएगा स्पष्टीकरण
एसडीएम कृष्णा जोशी द्वारा दोनों विद्यालयों के अनुपस्थित प्रधानाध्यापकों तथा छह अन्य अनुपस्थित शिक्षकों से स्पष्टीकरण पूछने की कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण के दौरान बेलछी के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी भी मौजूद थे। एसडीएम ने उन्हें विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए प्रधानाध्यापकों को निर्देशित करने और लापरवाही पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।
औचक निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं और अव्यवस्थाओं से संबंधित जांच प्रतिवेदन एसडीएम ने पटना के जिलाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया है।

