कथित शराब पार्टी के बाद चार की मौत

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

बेढ़ना के सैदपुर टोला में मछली-रोटी के साथ शराब सेवन की चर्चा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

पटना/बाढ़ : 31 अगस्त 2026 | पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेढ़ना गांव के सैदपुर टोला में कथित शराब पार्टी के बाद चार लोगों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतकों की पहचान पंकज कुमार, निशु कुमार, विकास कुमार और एनटीपीसी में कार्यरत शशि कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों में शराबबंदी के बावजूद शराब की उपलब्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि चारों ने एक साथ कथित रूप से शराब के साथ मछली-रोटी का सेवन किया था। इसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। परिजन आनन-फानन में सभी को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया। इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।

घटना की सूचना फैलते ही मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने फोरलेन सड़क जाम कर विरोध जताया। सूचना मिलने पर नवपदस्थापित एसडीएम कृष्णा जोशी और एएसपी-2 अभिषेक श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एसडीएम ने लोगों को आश्वस्त किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कृषि मंत्री ने जताई संवेदना

सड़क जाम की सूचना के कारण लखीसराय से पटना लौट रहे कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौके पर रुके। उन्होंने घटना की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घटना को हृदयविदारक बताते हुए कहा कि उनका बेढ़ना गांव से पुराना शैक्षणिक संबंध रहा है।

कृषि मंत्री ने मृतकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा दिलाने के लिए सरकार के स्तर पर पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने डीएम, एसएसपी सहित संबंधित अधिकारियों से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की बात कही।

जहरीली शराब की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

चार लोगों की एक साथ मौत के बाद इलाके में कथित जहरीली शराब को लेकर चर्चा तेज है। हालांकि अभी तक मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम तथा चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुंदन कुमार ने चार लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस कथित शराब पार्टी से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच में जुटी है।

जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चारों ने शराब का सेवन कहां किया था, शराब किसने उपलब्ध कराई, उसमें किसी प्रकार की मिलावट थी या नहीं और खाने की सामग्री में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी तो नहीं थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक के मौके पर नहीं पहुंचने पर भी नाराजगी जताई। फिलहाल चार मौतों ने शराबबंदी वाले बिहार में अवैध शराब की उपलब्धता और उसकी गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मौत की वास्तविक वजह जांच, पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।