-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
बंशी लाल रेस्टोरेंट में बासी खाना कराया गया नष्ट; कन्हैया डेयरी, शक्ति स्वीट्स और प्रसाद केंद्र को 14 दिनों का नोटिस
पटना, 27 अक्टूबर 2026 : त्योहारों के मौसम में आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना जिले में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान धनरुआ स्थित आकाश स्वीट्स में भीषण अनियमितताएं मिलने पर ₹3,67,600 मूल्य की 2,060 किलोग्राम दूषित मिठाई जब्त कर नष्ट कराई गई और प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करते हुए इसे 7 दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया गया। साथ ही बाजार समिति स्थित बंशी लाल रेस्टोरेंट में बासी खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई, जबकि शक्ति स्वीट्स, कन्हैया डेयरी और प्रसाद केंद्र सहित कई दुकानों को सुधार नोटिस थमाया गया।
धनरुआ प्रखंड के देवराह टोला (हवलदारचक) स्थित आकाश स्वीट्स में निरीक्षण के दौरान बेसन लड्डू, मिल्क केक और खोवा में भारी गड़बड़ी पाई गई। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की कमी, पैकेजिंग पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और ‘बेस्ट बिफोर’ का अभाव था। इसके अलावा कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली। टीम ने 2,060 किलो मिठाई नष्ट कराने के साथ नमूने जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। वहीं बाजार समिति गेट स्थित बंशी लाल रेस्टोरेंट में बासी इडली, वड़ा, समोसे का आलू, चटनी व सॉस नष्ट कराया गया तथा दाल का नमूना लिया गया।
कंकड़बाग के भागवत नगर स्थित कन्हैया डेयरी से पनीर, खोवा व बेसन लड्डू के नमूने लिए गए, जहां पेस्ट कंट्रोल और FoSTaC प्रशिक्षण से जुड़े दस्तावेज नदारद मिले। पटना जंक्शन महावीर मंदिर के समीप स्थित शक्ति स्वीट्स और प्रसाद केंद्र में भी कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, मास्क, दस्ताने और एप्रन की अनुपस्थिति तथा FIFO/FEFO नियमों की अनदेखी पर 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया। इसके अतिरिक्त दो दर्जन से अधिक पूजा-प्रसाद स्टॉल संचालकों को एफएसएसएआई पंजीकरण और स्वच्छता मानकों के प्रति जागरूक किया गया।

