निःशुल्क जांच शिविर में उमड़ी भीड़

Live ख़बर

रंजित प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

न्यूरॉन हॉस्पिटल में लिवर, किडनी, शुगर और थायरॉइड समेत कई जांचें हुईं, विशेषज्ञों ने दी चिकित्सकीय सलाह

पटना | 30 अगस्त 2026: दानापुर के विजय सिंह लेन स्थित न्यूरॉन हॉस्पिटल में रविवार को निःशुल्क विशेष चिकित्सा जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया और विभिन्न जांचों का लाभ उठाया।

शिविर में लिवर, किडनी, ब्लड शुगर, थायरॉइड, हेपेटाइटिस और ब्लड प्रेशर समेत कई महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं। मरीजों के लिए एलएफटी, केएफटी, ब्लड शुगर, थायरॉइड, हेपेटाइटिस-बी एवं सी, फाइब्रोस्कैन, बोन मिनरल डेंसिटी, ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन स्तर और पल्स रेट की जांच की सुविधा उपलब्ध रही। इन जांचों का कुल मूल्य करीब 7,100 रुपये बताया गया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की जांच

शिविर में न्यूरोसर्जन एवं ब्रेन-स्पाइन विशेषज्ञ डॉ. मारुति नंदन, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति चौधरी तथा फिजिशियन, डायबिटीज एवं थायरॉइड विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक कुमार ने मरीजों की जांच की और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, शिविर का उद्देश्य लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ बीमारियों की प्रारंभिक पहचान और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह देना था। इस दौरान लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति भी जागरूक किया गया।