-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
पनाश होटल में 10 किलो अमानक मटन-चिकन और ब्रेड विनष्ट, गार्गी ग्रैंड, पाटलिपुत्र एक्सोटिका, मौर्या और लेमन ट्री में भी मिलीं गंभीर कमियां
पटना, 09 अक्टूबर 2026 : राज्य में आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त श्री कुमार रवि के कड़े निर्देशों के तहत, खाद्य संरक्षा अधिकारियों की विशेष टीमों ने पटना के कई प्रतिष्ठित होटलों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रसोई की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, पानी की गुणवत्ता और व्यक्तिगत स्वच्छता मानकों की जांच की गई, जिसमें कई बड़े होटलों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
द पनाश होटल: 10 किलो मटन-चिकन और ब्रेड विनष्ट
साउथ गांधी मैदान स्थित द पनाश होटल के निरीक्षण के दौरान फ्रीजर रूम में लगभग 10 किलोग्राम मटन और चिकन पॉलीथिन में रैप किया हुआ मिला, जिस पर निर्माण या उपयोग की अंतिम तिथि (Expiry Date) दर्ज नहीं थी। खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत इसे मानव उपभोग के अनुकूल नहीं मानते हुए जब्त कर विनष्ट कराया गया। इसके अलावा, बिना एक्सपायरी डेट वाले 6 पैकेट ब्रेड भी नष्ट किए गए। मौके पर पानी की टीडीएस (TDS) जांच मानक के अनुरूप नहीं पाई गई। इन सभी विसंगतियों पर कार्रवाई करते हुए होटल को 14 दिनों के भीतर कमियां दूर करने का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
होटल गार्गी ग्रैंड: एक्सपायरी सामग्री नष्ट और नमूने संग्रहित
निरीक्षण के दौरान रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखा पाया गया, तथा भंडारण में एफईएफओ/एफआईएफओ (FEFO/FIFO) प्रणाली का पालन नहीं हो रहा था। पानी की अंतिम जांच वर्ष 2024 में कराई गई थी और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। विभाग ने पनीर और अरहर दाल के वैधानिक नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं तथा होटल को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया है।
पाटलिपुत्र एक्सोटिका: रसोई में टूटे वेंटिलेटर और कबूतरों की मौजूदगी
पाटलिपुत्र एक्सोटिका की रसोई में साफ-सफाई बेहद असंतोषजनक मिली। रसोई का वेंटिलेटर टूटा होने के कारण वहां कबूतर घूमते पाए गए, जो गंभीर स्वास्थ्य जोखिम को दर्शाता है। इसके अलावा बिल पर एफएसएसएआई (FSSAI) नंबर नहीं था। टीम ने 6 किलो मिल्क, 8 किलो बैकरी मिक्स और हाइड्रो समेत अन्य एक्सपायरी सामग्री को विनष्ट कराया और होटल को 14 दिनों का नोटिस दिया।

होटल मौर्या और लेमन ट्री में भी कार्रवाई
- होटल मौर्या: रसोई में एल्युमिनियम के बर्तनों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। डीप फ्रीजर में जंग लगा मिला, खाद्य एवं गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी पाई गई और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता भी खराब मिली। पनीर और सॉल्टेड बटर के नमूने लेकर जांच हेतु भेजे गए तथा नोटिस जारी किया गया।
- लेमन ट्री होटल: टीम ने पनीर, चीज, टमाटर सॉस और लिक्विड सॉस के वैधानिक नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे। साथ ही, ड्रेनेज सिस्टम को ठीक से ढकने के निर्देश देते हुए सुधार का नोटिस दिया गया।
खाद्य संरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा और स्वास्थ्य सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
