– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता
गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, रिवर फ्रंट पैदल पथ का भी उद्घाटन
पटना सिटी, 22 जुलाई। पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगात मिली है। पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस अवसर पर राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, विधायक सह सचेतक रत्नेश कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
नवनिर्मित अस्पताल भवन में मरीजों के लिए 100 बेड, 30 बेड का अत्याधुनिक आईसीयू, आधुनिक चिकित्सा उपकरण तथा विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में सर्जरी, मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, यूरोलॉजी सहित अन्य विभागों में उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। महिलाओं के सुरक्षित प्रसव एवं नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए विशेष इकाई विकसित की गई है। इसके अलावा लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत डायलिसिस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। अस्पताल में चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सह सचेतक रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि यह परियोजना पटना साहिब के स्वास्थ्य ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह अस्पताल जिला अस्पताल के रूप में विकसित होकर आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जिससे पटना साहिब सहित आसपास के लाखों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा 46.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित भद्र घाट, नौजर घाट एवं महावीर घाट रिवर फ्रंट पैदल पथ का भी उद्घाटन किया गया। रिवर फ्रंट पर नागरिकों की सुविधा के लिए आकर्षक पैदल पथ, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं शहरी अवसंरचना से जुड़ी इन परियोजनाओं को पटना साहिब के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

