सिविल सर्जन के खिलाफ महाधरना कल

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

संयुक्त संघर्ष समिति ने निलंबन और तबादले की उठाई मांग, स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितताओं का लगाया आरोप

बोकारो, 29 जुलाई। बोकारो के सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद के खिलाफ संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले 31 जुलाई को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शन के माध्यम से सिविल सर्जन के निलंबन एवं स्थानांतरण की मांग उठाई जाएगी। यह जानकारी चास के बायपास रोड स्थित एक स्थान पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में समिति की संयोजक गायत्री देवी महतो ने दी।

गायत्री देवी महतो ने दावा किया कि इस संबंध में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव, स्वास्थ्य सचिव तथा बोकारो के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की जा चुकी है, लेकिन आठ माह बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

संवाददाता सम्मेलन में समिति की ओर से आरोप लगाया गया कि सिविल सर्जन के आवासीय परिसर में कथित अनियमितताओं की जांच की जानी चाहिए तथा वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कराई जाए। समिति ने यह भी आरोप लगाया कि सदर अस्पताल में रैबीज इंजेक्शन सहित कई आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की कमी है और आयुष्मान भारत योजना समेत अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन में भी अनियमितताएं हो रही हैं।

संयुक्त संघर्ष समिति ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

संवाददाता सम्मेलन में नगर विकास समिति के अध्यक्ष अभय कुमार मुन्ना, झारखंड पेंशनर्स कल्याण समाज के जिलाध्यक्ष बालकृष्ण मुरारी, झारखंड गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के प्रधान जसमीत सिंह सोढ़ी, अशोक जगनानी, प्रमोद कुमार, विकास कुमार महतो, अशोक कुमार महतो, अतीश कुमार सिंह, जितेंद्र प्रसाद सिंह, मीरा देवी, विक्रम कुमार, अभिषेक कुमार, सोनू कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

(नोट: समाचार में उल्लिखित सभी आरोप संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)