– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
स्वास्थ्य मंत्री निशांत की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, फार्मा रिसर्च और दवा गुणवत्ता को मिलेगा बढ़ावा
पटना, 1 सितंबर 2026: बिहार में फार्मास्युटिकल क्षेत्र को मजबूत करने, दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और रिसर्च एवं डेवलपमेंट को गति देने के लिए पटना में अत्याधुनिक ड्रग टेस्टिंग लेबोरेटरी एवं एनालिटिकल डेवलपमेंट फैसिलिटी (ADF) स्थापित की जाएगी। इस परियोजना को लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि समेत स्वास्थ्य विभाग और नाइपर (NIPER) हाजीपुर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान लैब की स्थापना, जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी क्षमता, बजट, लैब एक्रिडिटेशन और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नर्सिंग एवं फार्मेसी क्षेत्र में स्किल डेवलपमेंट, नाइपर के विस्तार और शैक्षणिक एवं अनुसंधान कार्यों को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
इस नई सुविधा से नियमित दवा परीक्षण के अलावा नई दवाओं और फॉर्मूलेशन के विकास, विश्लेषणात्मक पद्धतियों और गुणवत्ता नियंत्रण में मदद मिलेगी। इसका सीधा लाभ स्थानीय फार्मा उद्योग, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और अकादमिक संस्थानों को मिलेगा। इसके अलावा नाइपर हाजीपुर के तकनीकी सहयोग से फार्मेसी विद्यार्थियों और उद्योग पेशेवरों के लिए कौशल विकास कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने इस पहल को बिहार में दवा गुणवत्ता नियंत्रण और फार्मास्युटिकल अनुसंधान के क्षेत्र में मील का पत्थर बताते हुए अधिकारियों को सभी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
