जिला अस्पतालों में सर्जरी 4 गुना से अधिक बढ़ी, मुफ्त दवा वितरण में राज्य लगातार 26वें महीने अव्वल

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और गुणवत्ता सुधार के दिए निर्देश, डायलिसिस और आईसीयू सुविधाओं के विस्तार पर जोर

पटना, 28 नवंबर 2026 : बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, गुणवत्ता सुधार और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने शनिवार को विभागीय सभागार में छह माह के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में बीते छह महीनों के दौरान संचालित योजनाओं, स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मानव संसाधन की स्थिति, दवा-उपकरण आपूर्ति और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, आपसी समन्वय बनाने और तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिला अस्पतालों में 24×7 आपातकालीन सेवाओं और 76 प्रकार की सर्जरी की सुविधा विकसित करने की पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जून 2026 में जहां जिला अस्पतालों में 2,428 सर्जरी हुई थीं, वहीं अक्टूबर में यह संख्या बढ़कर 11,643 तक पहुंच गई। वर्तमान में विभिन्न जिला अस्पतालों में 190 आईसीयू बेड और 120 वेंटिलेटर संचालित हैं। सर्जरी सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से 1,947 चिकित्सा उपकरणों की खरीद एवं आपूर्ति की प्रक्रिया की भी समीक्षा हुई। साथ ही सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवा वितरण में बिहार के लगातार 26वें महीने देश में पहले स्थान पर बने रहने की उपलब्धि भी साझा की गई।

टीबी मुक्त भारत अभियान, एनीमिया मुक्त बिहार अभियान और गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की प्रगति के साथ-साथ एचपीवी टीकाकरण अभियान में बिहार के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले देश के छह राज्यों में शामिल होने पर चर्चा हुई। बैठक में 94 स्वास्थ्य संस्थानों में डायलिसिस सेवा के विस्तार, निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, मुख्यमंत्री हीमोफीलिया योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 4 लाख रुपये किए जाने की पहल का भी जायजा लिया गया।

पीएमसीएच, एलएनजेपी अस्पताल, एम्स पटना और एम्स दरभंगा सहित बड़े चिकित्सा संस्थानों की विस्तार परियोजनाओं, नए मेडिकल कॉलेजों, खाद्य संरक्षा व औषधि नियंत्रण कार्रवाइयों, आयुष कार्यक्रमों, अंग प्रत्यारोपण सेवाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग की संभावनाओं पर भी विस्तार से विमर्श हुआ। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक नवल किशोर चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, राज्य आयुष समिति के कार्यपालक निदेशक वैभव चौधरी, राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक स्पर्श गुप्ता, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक सुमित कुमार और स्वास्थ्य मंत्री के आप्त सचिव कौशलेंद्र कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Verified by MonsterInsights