बिहार में गर्भनिरोधक आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शुरू

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

सेंट्रल डीवीडीएमएस से जुड़ी परिवार नियोजन सामग्री की सप्लाई चेन, उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान

पटना, 01 अक्टूबर 2026: बिहार के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीण स्तर तक गर्भनिरोधक सामग्रियों की नियमित उपलब्धता बनाए रखने के लिए राज्य स्तरीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 तक यह वितरण एफपीएलएमआईएस (FPLMIS) प्रणाली के जरिए संचालित हो रहा था, जिसे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर अब सेंट्रल डीवीडीएमएस (Central DVDMS) के साथ एकीकृत कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत राज्य मुख्यालय से लेकर उप-स्वास्थ्य केंद्र और आशा कार्यकर्ताओं तक आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू बनाया जा रहा है।

पटना स्थित राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान के सभागार में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन राज्य स्वास्थ्य समिति की अपर कार्यपालक निदेशक डॉ. अनुपमा सिंह ने किया। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में परिवार नियोजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रमंडलों, जिलों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्वास्थ्य उप-केंद्रों, चिकित्सकों, परामर्शियों, आशा कार्यकर्ताओं और फैसिलिटेटरों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

कार्यशाला में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के परिवार नियोजन प्रभाग की अपर आयुक्त डॉ. इंदु ग्रेवाल, तकनीकी सलाहकार ध्रुव कुमार, श्रीकांत गौतम सहित राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सरिता और उपनिदेशक निशांत कुमार ने अधिकारियों को ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से प्रशिक्षित किया। इस प्रशिक्षण में क्षेत्रीय व जिला अनुश्रवण पदाधिकारी, आशा समन्वयक, सामुदायिक उत्प्रेरक और दवा भंडारपाल शामिल हुए, जबकि जिलों के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

डॉ. अनुपमा सिंह ने स्पष्ट किया कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए भी बेहद आवश्यक है। इसके तहत विवाह की सही उम्र, बच्चों के जन्म में उचित अंतर और छोटे परिवार के लाभों को लेकर समाज में निरंतर जागरूकता फैलाने की जरूरत है। केंद्रीय अपर आयुक्त डॉ. इंदु ग्रेवाल ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता तभी संभव है जब योग्य दंपतियों की पसंद के अनुसार गर्भनिरोधक साधन हर समय नजदीकी स्वास्थ्य उप-केंद्रों, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के पास बिना किसी रुकावट के पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें।

Verified by MonsterInsights